देशभर में आज का दिन डॉक्टर्स डे के रूप में मनाया जा रहा है। इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना की अपकमिंग फिल्म से उनका दूसका लुक जारी हो गया है।
दरअसल, अभिनेता जल्द ही अपनी अगली फिल्म डॉक्टर जी में नजर आने वाले हैं। ऐसे में अब उनकी इस फिल्म से एक्टर का दूसरा लुक सामने आ गया है। फिल्म में मुख्य किरदार निभाने वाले आयुष्मान खुराना और जंगली पिक्टर्स ने इंस्टाग्राम पर यह लुक जारी किया है।
अभिनेता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपना ये नया लुक शेयर किया है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, “जी से गायनेकोलॉजिस्ट, जी से गुप्ता, ये है हमारा डॉक्टर जी। डॉक्टर उदय गुप्ता उर्फ डॉक्टर जी और टीम की तरफ से सभी जी से जीनियस डॉक्टरों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं”
फिल्म में आयुष्मान के साथ अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह मुख्य किरदार में नजर आएंगी। वहीं, आयुष्मान डॉ उदय गुप्ता की भूमिका में नजर आएंगे। आयुष्मान और रकुल इस फिल्म के जरिए पहली बार एक साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करते दिखाई देंगे। फिल्म में आयुष्मान और रकुल के अलावा शेफाली शाह भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
वर्कफ्रंट की बात करें तो आयुष्मान आखिरी बार अनुभव सिन्हा की फिल्म अनेक में नजर आए थे। इसके अलावा वह फिल्म ‘एन एक्शन हीरो’ में भी नजर आएंगे।